पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच किया जाना करें सुनिश्चित- श्रीनिधि बीटी

धौलपुर। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने उन योजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा जिनका कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है और जलापूर्ति चालू करना शेष है। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन परियोजनाओं को पूर्ण किया गया है, उनका धरातल पर भी प्रभावी रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर में नियमित जलापूर्ति करने के निर्देश दिए। जल स्त्रोतों की गुणवत्ता परीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ उन्होंने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में की जा रही पेयजल आपूर्ति की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल आपूर्ति बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं की कार्य गति को तेज किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में नल कनेक्शन द्वारा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने भू आवंटन के लम्बित प्रकरणों का प्रस्ताव बनाकर भिजवाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन की प्राथमिकताओं को गंभीरता से लेने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जल पाइप लाइन बिछाने के बाद रोड रिपेयर के सभी कार्यो को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता पीएचईडी राजकिरण यादव, उप निदेशक शिक्षा विभाग महेश कुमार मंगल, पीएचईडी के खंड धौलपुर-बाड़ी के अधिशाषी अभियंता, सभी उपखंडों के सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



