पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार कर रही हैं केन्द्र और प्रदेश सरकार – विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर

रिपोर्टर दीपक चौहान
ग्राम घुरघान में 4.70 किलोमीटर लंबी तीन सड़कों का भूमिपूजन, लागत 3 करोड़ 17 लाख रुपए
मुरैना 19 अक्टूबर, 2025/पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का यह सपना था कि देश के हर उस गांव को, जिसकी आबादी 500 या उससे अधिक है, मुख्य सड़कों से जोड़ा जाए। आज यह सपना केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा चरणबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घुरघान में तीन सड़कों का भूमिपूजन किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कहा कि यह दिन ग्राम पंचायत घुरघान के लिए सौभाग्यशाली है। यहां कुल 4.70 किलोमीटर लंबाई की तीन सड़कों का भूमि पूजन किया गया है। पहली सड़क बाराहदरी हनुमान मंदिर से छिछावली मार्ग तक बनेगी, जिसकी लंबाई 1.20 किलोमीटर है और इस पर 95 लाख 87 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। दूसरी सड़क दतहरा से घुरघान तक 1.50 किलोमीटर लंबी होगी, जिसकी लागत 96 लाख 2 हजार रुपए है। तीसरी सड़क बाबरीपुरा से कटेला मार्ग तक 2 किलोमीटर लंबी होगी, जिस पर 1 करोड़ 25 लाख 63 हजार रुपए व्यय किए जाएंगे। कुल मिलाकर इन तीन सड़कों पर लगभग 3 करोड़ 17 लाख रुपए खर्च होंगे।
श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच है कि अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे और उसे मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसी सोच के तहत गांव-गांव में सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं। दिमनी विधानसभा क्षेत्र में अब तक दो सीएम राइज स्कूल बन चुके हैं और दो और स्कूलों की योजना बनाई जा रही है। इन स्कूलों में 20 से अधिक कक्षाओं के साथ शिक्षा, तकनीकी, ड्राइंग, खेलकूद तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री नहीं, बल्कि रोजगार से जुड़ना होना चाहिए। इसी दिशा में दिमनी क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा आईटीआई खोलने की घोषणा की गई है, जिसका कार्य जल्द शुरू होगा। तकनीकी ज्ञान से खेती को भी वैज्ञानिक पद्धतियों से किया जा सकेगा।
इस अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गांव-गांव को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता पर है। सड़क, बिजली और पानी किसी भी क्षेत्र के विकास की मूल आवश्यकता होती हैं। उन्होंने बताया कि सुर्जनपुर से नगरा-मानपुर तक सीसीआरएफ योजना के तहत 136 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। इस सड़क के बन जाने से आसपास के कई गांव मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे।
समारोह में समाजसेवी कमलेश कुशवाह ने भी अपने विचार रखे और ग्रामीणों को योजनाओं से लाभ लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बाराहदरी हनुमान मंदिर के महंत श्रीश्री 108, जनपद अध्यक्ष मधुरिमा तोमर, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री मुंशीलाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, एसडीएम मुरैना, जनपद सीईओ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



